
सहारा न्यूज टुडे/दुर्गेश कुमार तिवारी
कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के सब्जी अनुभाग द्वारा मसाला योजना अंतर्गत ग्राम औरंगाबाद में गुरुवार को एक दिवसीय मसाला मूल्य संवर्धन एवं उत्पादन विषय पर कृषक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ0 राम बटुक सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में लगातार मसाला फसलों के उत्पादन और क्षेत्रफल में वृद्धि हो रही है तथा उन्होंने किसानों को विश्वविद्यालय द्वारा विकसित नवीन प्रजातियों एवं कृषि तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में डाॅ0 अरुण कुमार सिंह ने किसानों से अपील की कि वे वैज्ञानिकों द्वारा बताई गई कृषि तकनीकों को अवश्य अपनाएं। जिससे वे स्वालंबी हो कर आत्म निर्भर बने। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डाॅ0 शशिकांत ने विस्तार से कृषि विज्ञान केंद्र की उपलब्धियों की जानकारी दी। विभाग के डाॅ0 संजीव कुमार सचान ने लहसुन एवं प्याज की खेती की वैज्ञानिक विधाएं बताई।उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक क्षेत्रफल में प्याज एवं लहसुन की खेती करें। डॉ0 सिंह ने मसालों के साथ सहफसली खेती की तकनीकों पर प्रकाश डाला और कहा कि सह फसली खेती से किसानों को अधिक मुनाफा होगा। डॉ0 प्रांजल सिंह ने भी किसानों को जानकारी दी। इस अवसर पर प्रगतिशील कृषक छुन्ना सिंह,चरण सिंह, राजू राजपूत,अशोक कुमार सहित लगभग एक सैकड़ा कृषक उपस्थित रहे।