
सहारा न्यूज टुडे संम्पादक दुर्गेश कुमार तिवारी
कानपुर। जामू गांव में शनिवार शाम पति से विवाद के बाद विवाहिता साड़ी के फंदे पर झूल गई। घटना के समय परिजन खेत पर फसल काटने गए थे। वहां से लौटने पर घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने पति, ससुर और जेठ को हिरासत में ले लिया है। जामू गांव निवासी किसान छोटेलाल के बेटे सुभाष का विवाह सात मई 2023 को सनिगवां लउवापुरवा गांव निवासी स्वर्गीय देशराज की 23 वर्षीय बेटी शिवानी से हुआ था। बीती फरवरी माह में शिवानी ने एक बेटे को जन्म दिया था। शनिवार दोपहर शिवानी का पति से खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद सुभाष परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गेहूं की फसल काटने खेत चला गया। शाम को घर लौटा तो शिवानी का शव छत के कुंडे के सहारे साड़ी के फंदे पर लटका हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारकर कार्रवाई शुरू की। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंचे भाई आशीष कुमार ने ससुरालीजनों पर दहेज को लेकर बहन को प्रताड़ित करने के साथ हत्याकर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने पति ,ससुर और जेठ मुकेश को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी प्रेमचन्द्र कनौजिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार कार्रवाई की जाएगी।